हिमाचल प्रदेश में योल आर्मी कैंट के नक्शे, फोटो और सूचनाएं पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को भेजने के मामले में पुलिस ने आरोपी फौजी मनप्रीत शर्मा के गांव बलवेड़ा (पटियाला) स्थित उसके घर से कैंट की 140 पन्नों वाली फाइल की एक कॉपी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मनप्रीत शर्मा विदेश भागने की फिराक में था। मनप्रीत शर्मा ने कनाडा, यूके और न्यूजीलैंड के लिए वीजा हासिल करने के लिए जाली कागजात तैयार कर लिए थे, लेकिन इससे पहले ही कुख्यात नशा तस्कर अमरीक सिंह के जरिये पटियाला पुलिस ने इस मामले का पर्दाफाश कर दिया और मनप्रीत शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। मनप्रीत शर्मा वेस्टर्न कमांड चंडीमंदिर (पंचकूला) हरियाणा में तैनात रहा है।
जांच में सामने आया है कि मनप्रीत शर्मा ने योल आर्मी कैंट के नक्शे, फोटो और अन्य खुफिया जानकारियों वाली 140 पन्नों की फाइल नशा तस्कर अमरीक सिंह को पैसों के लालच में दी थी। आगे नशा तस्कर ने इस फाइल को पाकिस्तान में आईएसआई के एजेंट शेर खान को दिया था। अमरीक सिंह को देने से पहले फाइल के सभी पन्नों का प्रिंट निकालकर फौजी ने अपने पास रख लिया था। इसी को अब पुलिस ने आरोपी फौजी की निशानदेही पर उसके घर से बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खाते खंगाल
पुलिस नशा तस्कर अमरीक सिंह, उसके साथी अवतार सिंह व फौजी मनप्रीत शर्मा के बैंक खातों को खंगाल रही है। पता लगाया जा रहा है कि इनके बैंक खातों में कब और कितनी ट्रांजेक्शन हुई है। बताया जा रहा है कि भारतीय फौज की खुफिया जानकारी देने के एवज में फौजी को मोटी रकम दी गई है।
नशा तस्कर अमरीक सिंह को भी आईएसआई की ओर से नशे व हथियारों के अलावा पैसे भी दिए जा रहे थे। इसकी पुष्टि आईएसआई एजेंट व अमरीक सिंह की काल रिकाॅर्डिंग से होती है। इसमें एजेंट साफ तौर पर अमरीक सिंह को कह रहा है कि ड्रोन तैयार है, छह किलो चिट्टा भेज देगा। साथ ही जरूरत है तो पैसे भी मिल जाएंगे, लेकिन इसी तरह से भारतीय फौज की खुफिया जानकारियां लीक करता रहा।
नशा तस्कर समेत तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा
नशा तस्कर अमरीक सिंह, उसके साथ अवतार सिंह व फौजी मनप्रीत शर्मा को पांच दिनों का रिमांड खत्म होने पर सोमवार को समाना की अदालत में दोबारा पेश किया गया। जहां दोनों पक्षों को सुनने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत पर जेल भेज दिया।