डीटीओ आफिस में जाली आरसी, अवैध तरीके से फैंसी नंबर देना और जाली ड्राइविंग लाइसेंस बनाने का सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। पुलिस ने डीटीओ आफिस के क्लर्क और हरियाणा के जाली लाइसेंस लेने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
वकील विक्रम सिंह वासी मकान नंबर-166/24 जगदीश कालोनी रोहतक (हरियाणा) ने थाना कैंट को शिकायत दी कि जय भगवान पुत्र मेहर सिंह वासी गुदा तहसील जझर जिला रोहतक का ड्राइविंग लाइसेंस जाली है। पुलिस ने तहकीकात की तो पता चला कि जय भगवान को डीटीओ आफिस के क्लर्क सुरेंदरपाल सिंह ने आफिस के रिकार्ड से छेड़छाड़ कर फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाकर दिया है।
यह बात जय भगवान को भी पता थी कि उसका ड्राइविंग लाइसेंस जाली है। थाना कैंट पुलिस ने विक्रम सिंह की शिकायत पर डीटीओ क्लर्क सुरेंद्र पाल सिंह और जय भगवान के खिलाफ मामला दर्ज किया है।