समाना पुलिस ने शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पहले भोले-भाले नौजवानों की अपने गैंग की एक युवती के साथ शादी करा देता है। बाद में दुल्हन अपने पति के घर से पैसे, गहने व अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो जाती है। समाना के नौजवान सोनू के साथ भी इस गैंग ने धोखाधड़ी की है। पुलिस ने केस में कार्रवाई करते हुए दुल्हन समेत मध्यस्थ बनी महिला के खिलाफ भी केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों आरोपी महिलाओं की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
सिटी समाना इंचार्ज इंस्पेक्टर रणबीर सिंह ने बताया कि रतन कौर निवासी शनि मंदिर समाना ने पुलिस के पास बयान दिया है कि राज कौर निवासी जट्टां पति समाना ने उसकी बहन के लड़के सोनू की शादी अपनी जान-पहचान की परमजीत कौर नाम की लड़की के साथ कराई थी। इस शादी को तय कराने के लिए राज कौर ने 50 हजार रुपये लिए थे। शादी के कुछ दिनों के बाद परमजीत कौर घर से लाखों के गहने, कपड़े व अन्य सामान लेकर फरार हो गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिलाएं पहले भी कई नौजवानों को शादी के नाम पर धोखा दे चुकी हैं। आरोपी महिलाओं की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है