विधानसभा चुनावों के दौरान विशेष छापामारी में समाना के अंबेदकर चौक के नजदीक मैसर्ज मदन लाल और संदीप गर्ग के शराब के ठेके पर विशेष टीम द्वारा की गई छापामारी के दौरान शराब की 497 पर्चियां और 42900 रुपये नगद बरामद कर लिए हैं।
इसके साथ शराब के दो ठेकेदार, एक कारिंदे को बिना पैसे के पर्चियों के साथ शराब लेने के लिए कतार में खड़े करीब 10 लोगों को हिरासत में लेकर थाना समाना में केस दर्ज किया गया है। इसके साथ शराब के ठेके को सील कर दिया गया है।
जिला चुनाव अधिकारी रामवीर सिंह ने बताया कि विधानसभा हलका समाना के रिटर्निंग अधिकारी अमरेश्वर सिंह की निगरानी में विशेष टीमों की ओर से ठेके पर की छापेमारी के दौरान पाया गया कि कतार में खड़े लोगों के हाथ में पर्चियां थीं और वह उस ठेके से शराब ले रहे थे।
इस छापेमारी के दौरान शराब के ठेके के मालिक अनिल कुमार, नरेश कुमार, मुनीम अमरजीत सिंह, लाइन में खड़े अन्य 10 व्यक्तियों छिंदा सिंह निवासी बड़ी दुगाल, महिंदर सिंह निवासी मलकाना पती समाना, जसबीर सिंह उर्फ काला निवासी असरपुर, विक्रमजीत सिंह निवासी बिशनपुरा, कलु सिंह निवासी यूपी हाल निवासी समाना, सता निवासी ककराला भाई का, रूप खान निवासी ककराला भाई का, अनिल निवासी पीर गौरी मोहल्ला समाना, सुखविंदर सिंह निवासी अजीमगढ़, रूप चंद निवासी गडी मोहल्ला समाना को हिरासत में ले लिया गया है। इन सभी 13 व्यक्तियों के खिलाफ धारा 171 बी तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
जिला चुनाव अधिकारी ने बताया कि विशेष टीम की ओर से पुलिस की हाजिरी में ठेके के मुनीम अमरजीत सिंह निवासी बघरौल थाना दिड़बा के हाथ में पकड़े काले बैग की तलाशी लेने पर इसमें से 497 पर्चियां और लोहे के गल्ले में से 42900 रुपये नगद बरामद किए गए हैं। शराब का ठेका सील कर दिया गया है।