थाना बाघापुराना अधीन गांव बड़ा घर में शुक्रवार की सुबह ब्लाक समिति के पूर्व चेयरमैन एवं अकाली नेता के बेटे बेअंत सिंह को वरना कार में सवार होकर आए हमलावरों ने गोलियां मारकर घायल कर दिया। सिविल अस्पताल के डाक्टरों ने उसे डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया है।
मामले के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर वेद प्रकाश ने बताया कि बेअंत सिंह के सिर, कंधे और हाथों पर गोलियाें लगीं हैं और वह बेहोशी की हालत में है। घायल के किसी वारिस के बयान दर्ज कर केस दर्ज किया जाएगा।
बेअंत सिंह शुक्रवार की सुबह तकरीबन सात बजे गांव में ही किसी काम से जा रहा था। जब वह गांव की फिरनी पर पहुंचा तो वरना कार सवार हमलावरों ने उसे गोलियां मारी और फरार हो गए।
यह परिवार काफी जमीन का मालिक होने के कारण क्षेत्र के खुशहाल परिवारों में से एक माना जाता है। हमले में घायल बेअंत सिंह केा पिता करतार सिंह ब्लाक समिति का पूर्व चेयरमैन हैं और उनके दो भाई कनाडा में हैं। बेअंत की एक भांजी स्टडी वीजा पर कनाडा गई है।
पुलिस के अनुसार बेअंत सिंह की दूसरी बहन की जिला फरीदकोट के गांव बहबल कलां में विवाही ननद के पुत्र से स्टडी वीजा पर कनाडा गई भांजी से रिश्ते की बातचीत चली थी। बाद में किसी कारण रिश्ता टूट गया। पुलिस का दावा है कि इस रंजिश के कारण ही बेअंत सिंह पर हमला किया गया है।