विवाहिता से विदेश भेजने का झांसा देकर 78 लाख ठगे
पति, सास, देवर समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज
फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित की जा रही विवाहिता के साथ ससुराल परिवार की ओर से लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। ससुराल परिवार ने झांसा दिया कि वह उसके मायके परिवार के सदस्यों को विदेश भिजवा देंगे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति, सास, देवर समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जश्नप्रीत कौर निवासी गांव बिरधनो हाल निवासी थूही ने सदर नाभा पुलिस के पास बयान दिया है कि उसकी शादी समाना के गांव कुलारां के रहने वाले अमृतपाल सिंह के साथ साल 2017 के फरवरी महीने में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही उसे दहेज की मांग को लेकर लगातार परेशान किया जा रहा है। इसी बीच ससुरालियों ने उसके मायके परिवार को झांसा दिया कि वह उन्हें विदेश भिजवा देंगे लेकिन इसके लिए उन्हें 78 लाख रुपये देने पड़ेंगे। मायके परिवार ने सौदे की तय राशि ससुराल वालों को दे दी। बाद में उन्होंने किसी भी परिवार के सदस्य को विदेश नहीं भिजवाया। मांगने पर पैसे भी वापस नहीं किए। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर जांच के बाद पति अमृतपाल सिंह, सास करनैल कौर, देवर गुरप्रीत सिंह और कुलदीप कौर निवासी चूहड़पुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
बेटे को विदेश भेजने का झांसा दे बुजुर्ग से लाखों ठगे
पटियाला। बेटे को विदेश भेजने का झांसा देकर बुजुर्ग के साथ लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। थाना अर्बन इस्टेट पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
जरनैल सिंह निवासी प्रोफेसर कालोनी ने पुलिस के पास बयान दिया है कि वह अपने लड़के को विदेश भेजना चाहते थे। इसी दौरान वह आरोपी गुरपाल सिंह निवासी गांव फरीदपुर सरां थाना सुल्तानपुर लोधी जिला कपूरथला के संपर्क में आए। आरोपी ने 10 लाख रुपये देने पर शिकायतकर्ता के बेटे को विदेश भेजने का झांसा दिया। बाद में पैसे लेकर भी विदेश नहीं भेजा। पुलिस ने इस शिकायत पर जांच के बाद आरोपी गुरपाल सिंह को नामजद कर लिया है। अभी वह पुलिस गिरफ्त से बाहर है।