गांव समाधभाई में धार्मिक स्थान के पास वीरवार की रात 9.30 बजे के करीब लावारिस पशु से बचने के चक्कर में दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। घायलों को बाघापुराना के सरकारी अस्पताल से सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थाना बाघापुराना के एएसआई जसविंदर सिंह जौहल ने बताया कि गांव समाधभाई निवासी सरबजीत सिंह, हरजिंदर सिंह, बहादुर सिंह अपने बाइक पर कस्बा बाघापुराना से मजदूरी करने के बाद वापस जा रहे थे। कोठे करतार सिंह के पास सड़क पर आए लावारिस पशु से बचने में उनकी बाइक सामने से आ रहे एक अन्य बाइक से जा टकराई।
हादसे में बहादुर सिंह निवासी समाध भाई व दूसरे बाइक चालक सेवक सिंह निवासी गांव चन्नूवाला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं समाध भाई निवासी हरजिंदर सिंह व सरबजीत सिंह समेत दूसरी बाइक पर सवार दर्शन सिंह, बूटा सिंह घायल हो गए। लोगों की सूचना 108 एंबुलेंस से सभी को बाघापुराना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया।
यह पर ड्यूटी पर तैनात डाक्टरों ने हरजिंदर सिंह को फरीदकोट के मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं घायल सरबजीत सिंह, बूटा सिंह व दर्शन सिंह को सिविल अस्पताल भेज दिया गया।
सिविल अस्पताल में समाध भाई निवासी हरजिंदर सिंह के परिजनों ने नम आंखों से बताया कि उसकी शादी मात्र 8 महीने पहले ही हुई थी।
अस्पताल में मौजूद गांववासियों ने बताया कि हरजिंदर सिंह के पिता महिंदर सिंह की मौत भी लगभग 11 महीने पहले काम से लौटते समय बाइक के आगे कुत्ता आ जाने के चलते हुए हादसे में थी। वहीं उसके दादा की मौत भी सवारियों वाला टेंपू पलटने के कारण मौके पर ही हो गई थी।