एनआरआई रणजीत सिंह पोवार हत्याकांड में पंजाब पुलिस की जांच का दायरा अब
उसकी चार सितारा होटल में पार्टनर अंजला बीर के इर्द-गिर्द घूम रहा है।
जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है और ताजा जांच में सामने आया है कि रणजीत
पोवार व अंजला बीच के बीच संबंध इन दिनों ठीक ठाक नहीं चल रहे थे। भारत आने
से पहले रणजीत पोवार अपने होटल रमाडा में रुकने के स्थान पर जे मेरिडियन
होटल में ठहरे थे। इसकी वजह दोनों के बीच अनबन होना था।
रणजीत पोवार एक
बड़े कारोबारी थे और पंजाब में उसकी हत्या में उसके 35 साल पुराने दोस्त
बलदेव सिंह को नामजद किया जा चुका है। स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम के पास इस
बात के पुख्ता सबूत हैं कि बदलेव सिंह ही रणजीत पोवार हत्याकांड में शामिल
था।
इसके साथ ही अंजला बीर का किस्सा भी खुलकर सामने आ रहा है।
रणजीत
पोवार के बेटे ज्ञान पोवार व ऐमा पोवार तो पहले ही कमिश्नर ऑफ पुलिस
यूरिंदर सिंह हेयर, ब्रिटिश हाईकमीशन के अलावा जालंधर में सेक्रेड हार्ट
अस्पताल को ई-मेल भेजकर अपनी शंका जाहिर कर चुके हैं कि उनके पिता के शव को
लेने अंजला बीर भारत आ सकती हैं, इसलिए उसको न दिया जाए। इसलिए शव को
ब्रिटिश हाईकमीशन ने अपने कब्जे में ले लिया है। शव नई दिल्ली में सुरक्षित
रखा हुआ है और यूके भिजवाने के लिए सारी वैधानिक कार्रवाई पूरी की जा रही
है।
ऐसे में जांच टीम को पता चला है कि रणजीत पोवार व अंजला बीर के बीच
सब कुछ ठीकठाक नहीं चल रहा था। अंजला बीर ने करोड़ों रुपये होटल रमाडा में
रणजीत पोवार के साथ लगा रखे हैं और वह रणजीत पोवार के साथ लिव इन रिलेशनशिप
में रहती हैं। जांच टीम को पता चला कि अंजला बीर व रणजीत के बीच अनबन चल
रही थी, इसलिए वह कमरा लेकर जे मेरिडियन होटल में रुके थे।
इसकी डिटेल
भी स्थानीय पुलिस को मिल चुकी है। जांच टीम को यह सवाल बार-बार टीस रहा है
कि आखिरकार चार सितारा होटल का मालिक होते हुए रणजीत पोवार किसी दूसरे होटल
में कमरा लेकर क्यों रह रहे थे ? बहरहाल, पुलिस की टीम बलदेव सिंह की
मोबाइल कॉल पर ध्यान केंद्रित कर रही है और यूके से आने वाली सारी कॉलों का
ब्यौरा खंगाला जा रहा है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं
अंजला बीर व बदलेव सिंह के बीच कोई वार्ता तो नहीं हुई थी? बलदेव व अंजला
बीर आपस में बातचीत तो नहीं करते थे ?