बच्चा चोर महिला का सुराग नहीं
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज दिल्ली सीबीआई को भेजी गई
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
मालवा क्षेत्र के जाने-माने जच्चा-बच्चा अस्पताल माता कौशल्या से सोमवार को चुराए गए नवजात शिशु का अब तक पुलिस कोई सुराग नहीं लगा सकी है। अब तक की जांच के आधार पर पुलिस यही मान रही है कि बच्चे को आगे किसी बेऔलाद को बेचने के इरादे से चुराया है। हो सकता है कि बच्चा बेचा भी जा चुका हो। पुलिस ने आरोपी महिला की जल्द पहचान के लिएउसकी सीसीटीवी फुटेज दिल्ली में सीबीआई को भेजी है। साथ ही बच्चा चोर गिरोहों के आरोपियों को राउंडअप करके उनसे पूछताछ की जा रही है।
माता कौशल्या अस्पताल में सोमवार बाद दोपहर करीब तीन बजे एक महिला ने समाना के पास मवी कलां की रहने वाली संदीप कौर के एक दिन के लड़के को चुरा लिया था। आरोपी महिला ने संदीप कौर से यह कहकर उसका बच्चा ले लिया कि पकड़े-पकड़े उसकी बाजू दुखने लगी होगी, ला बच्चा उसे दे, वह थोड़ी देर पकड़ लेती है। बच्चे को लेकर आरोपी महिला फरार हो गई थी।
पुलिस ने मंगलवार को अस्पताल के एक कैमरे से चोर महिला की फुटेज निकाली है, जिसकी वीडियो क्वालिटी कुछ अच्छी है। आरोपी महिला के चेहरे की ठीक तरह से पहचान हो सके, इसलिए इस वीडियो को दिल्ली में सीबीआई के पास भेजा गया है। डीएसपी सौरभ जिंदल ने बताया सीबीआई के पास ऐसा साफ्टवेयर है, जिससे वीडियो क्वालिटी अच्छी हो जाती है। साथ ही पिछले चार-पांच सालों में पटियाला व इसके आसपास के इलाकों में जितने भी बच्चा चुराने के मामले हुए हैं, उनके आरोपियों, चाहे वह जेल के अंदर हैं या बाहर, उनको राउंडअप करके पूछताछ की जा रही है। फिलहाल किसी भी गिरोह के आरोपी ने माता कौशल्या अस्पताल से बच्चा चुराने की बात नहीं स्वीकारी है।
बेचने के इरादे से चुराया गया बच्चा: डीएसपी
डीएसपी जिंदल का कहना है चुराए गए बच्चा का परिवार इतना अमीर नहीं है कि फिरौती मांगी जाएगी। अब तक की जांच के आधार पर यही लग रहा है कि नवजात बच्चे को बेचने के इरादे से ही चुराया गया है। हो सकता है कि बच्चा बेचा भी जा चुका हो। फिलहाल कोशिशें जारी हैं कि आरोपी महिला तक जल्द पहुंचा जाएगा।