पति की शराब की लत से परेशान पत्नी ने जहर देकर की हत्या
आरोपी पत्नी के खिलाफ थाना पसियाना में केस दर्ज
फिलहाल पत्नी फरार, पुलिस की ओर से तलाश जारी
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। थाना पसियाना के अधीन पड़ते गांव देवीनगर में पति की शराब की बुरी लत और उसकी मारपीट से परेशान होकर पत्नी ने उसे खाने में जहरीली चीज खिलाकर मार डाला। पुलिस ने आरोपी पत्नी को नामजद कर लिया है, लेकिन अभी वह फरार है। जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।
चमकौर सिंह निवासी गांव देवीगढ़ ने पुलिस के पास बयान दिया है कि उसके भाई कुलविंदर सिंह (35) की शादी कुलदीप कौर के साथ करीब 11 साल पहले हुई थी। इस शादी से उनके दो बच्चे भी हैं। पुलिस के मुताबिक कुलविंदर सिंह शराब पीने की बुरी लत का शिकार था और नशे में अकसर वह पत्नी के साथ मारपीट करता था। जिससे परेशान होकर उसकी पत्नी कई बार उसे छोड़कर मायके भी चली गई थी, लेकिन वह हर बार पंचायती समझौता करके उसे वापस ले आता था। लेकिन फिर भी सुधरता नहीं था और शराब पीकर अकसर कुलदीप कौर के साथ मारपीट करता था। जिससे वह काफी तंग परेशान हो गई थी। 10 अगस्त 2018 की रात को भी कुलविंदर सिंह ने शराब पीकर पत्नी को काफी मारा-पीटा। तय योजना के मुताबिक कुलदीप कौर ने उसे दी सब्जी में कोई जहरीली चीज डाल दी।
सखाने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लेकिन उस समय सभी को लगा कि शराब पीकर उसकी तबीयत खराब हुई और वह मर गया। कुलविंदर सिंह के शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। मौत के 20 दिनों अब जाकर सामने आया कि कुलविंदर सिंह की पत्नी ने ही उसकी हत्या की है। कुलविंदर सिंह के भाई ने अपनी भाभी को किसी को यह सब बताते हुए सुन लिया। पुलिस ने कुलविंदर सिंह के भाई के बयान पर आरोपी कुलदीप कौर को नामजद कर लिया है। लेकिन अभी वह फरार है।