कांग्रेसी नेता की सड़क हादसे में मौत
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक खिलाफ केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पटियाला-संगरूर रोड पर शुक्रवार देर रात सड़क हादसे में कांग्रेसी नेता की मौत हो गई। थाना पसियाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नाभा ब्लाक के गांव थूही के रहने वाले गुरकीरत सिंह (55) पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मेंबर थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह पटियाला से अपने गांव की तरफ वरना कार में जा रहे थे। रास्ते में पटियाला-संगरूर रोड पर एविएशन क्लब के सामने उनकी कार डिवाइडर से टकरा कर खदानों में पलट गई। हादसे में गुरकीरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को कब्जे में लिया। पुलिस के मुताबिक गुरकीरत सिंह की कार के आगे कोई लावारिस जानवर आ गया, होगा, जिस कारण वह कार से अपना संतुलन खो बैठे और उनकी कार डिवाइडर से जा टकराई या फिर किसी अन्य वाहन की लाइटें आंखों में पड़ने कारण हादसा हो गया। कांग्रेसी नेता के परिवार वालों ने बयान दिया है कि किसी अज्ञात वाहन ने गुरकीरत सिंह की कार में टक्कर मारी है।बयान के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।