राजिंदरा अस्पताल से वापस लौटा गैंगस्टर लाली चीमा
जबड़े के इलाज के लिए लगाया गया था अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। लुधियाना में मुठभेड़ के दौरान पकड़े गए गैंगस्टर लाली चीमा को कड़ी सुरक्षा के बीच बुधवार रात पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल लाया गया था। वीरवार दोपहर बाद इलाज के बाद पुलिस उसे वापस लुधियाना ले गई।
राजिंदरा अस्पताल चौकी के इंचार्ज जपनाम सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर लाली चीमा के जबड़े में चोट आ गई थी। जबड़ा बुरी तरह से हिला हुआ था। इसे सेट कराने के लिए लुधियाना पुलिस कड़ी सुरक्षा के बीच गैंगस्टर लाली चीमा को बुधवार रात करीब आठ बजे पटियाला के सरकारी राजिंदरा अस्पताल लाई थी। उसे यहां ईएनटी विभाग के डाक्टरों ने अटैंड किया। वीरवार बाद दोपहर करीब तीन बजे इलाज कराने के बाद लुधियाना पुलिस उसे वापस ले गई। गौरतलब है कि मंगलवार रात को गैंगस्टर लाली चीमा को आर्गनाइज्ड क्राइम कंट्रोल यूनिट ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ के दौरान लाली चीमा की टांग में गोली लगी थी। उसे कई चोटें भी आई थीं। उसका फिलहाल लुधियाना के सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। चौकी इंचार्ज ने गैंगस्टर लाली चीमा की हालत को स्थिर बताया।