यूपी से लाई जा रही थी अफीम, दो गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। पंचायत चुनाव में बेचने के मकसद से यूपी से बड़ी मात्रा में लाई जा रही अफीम समेत वरना गाड़ी में सवार तीन तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में केस दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी मनदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि 25 दिसंबर को सीआईए स्टाफ समाना की पुलिस पार्टी अफसर कालोनी में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली की कि भिंदर सिंह निवासी बाबा अजीत सिंह नगर भवानीगढ़ जिला संगरूर जो अफीम खाने व बेचने की बुरी लत का शिकार है। वह अपने भाई हरजिंदर सिंह उर्फ जिंदर निवासी गांव कुलारां जिला पटियाला और साथी पवन कुमार निवासी फतेहगढ़ छन्ना जिला पटियाला के साथ मिलकर हरजिंदर सिंह की सफेद रंग की वरना कार में यूपी की तरफ से बड़ी मात्रा में अफीम लेकर वाया सूलर से होकर पटियाला आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने सूलर पुली नजदीक गुरुनानक फाउंडेशन स्कूल के पास नाकाबंदी करके वरना कार में सवार इन आरोपियों को काबू कर लिया। कार की तलाशी लेने पर डिग्गी में पड़ी स्टैपनी के नीचे से मिले बैग में पुलिस ने छह किलो अफीम बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ दौरान आरोपियों ने माना कि वह अफीम यूपी के रामपुर से चुनाव में बेचने के लिए एक लाख 20 हजार रुपये प्रति किलो के हिसाब से लेकर आ रहे थे। यह अफीम कुल सात लाख 20 हजार रुपये की थी जो रामपुर में किसी व्यक्ति से खरीद कर लाए थे। आरोपियों का पुलिस रिमांड हासिल करके उनसे और गहनता के साथ पूछताछ की जाएगी ताकि और खुलासे हो सकें।