सेहत विभाग की नाभा के ढींडसा खरोड़ में मिल्क चिलिंग सेंटर पर रेड
12 क्विंटल नकली दूध, दूध बनाने के लिए प्रयोग आने वाले संदिग्ध पदार्थ के तीन बैग बरामद
छह रिफाइंड के खाली टीन, केमिकल की पांच लीटर वाली 32 बोतलें भी कब्जे में लीं
मौके से टीम ने दूध व दूध बनाने वाले संदिग्ध पदार्थ के सैंपल भरे
सेंटर के मालिक खिलाफ केस दर्ज करके पुलिस हवाले किया
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। मिशन तंदरूस्त पंजाब के तहत सेहत विभाग की टीम की ओर से डेयरी विभाग व प्रोग्रेसिव डेयरी फार्मिंग के सहयोग से नाभा के गांव ढींडसा खरोड़ में ग्लैक्सो स्मिथ क्लाइन मिल्क चिलिंग सेंटर पर रेड की गई। इस दौरान वहां से 12 क्विंटल दूध, दूध बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले संदिग्ध पदार्थ के तीन बैग, जिन पर पदार्थ के निर्माण की तारीख व एक्सपायरी डेट नहीं थी, एक थैला जेड मैक्स ग्लूकोज पाउडर, पांच खाली थैले ग्लूकोज पाउडर, छह रिफाइंड के खाली टिन, केमिकल की पांच लीटर वाली 32 बोतलें जिन पर किसी किस्म का लेबल नहीं था और 9 खाली बोतलें बरामद हुईं। मौके पर टीम की ओर से दूध के दो सैंपल, ग्लूकोज पाउडर का एक सैंपल, मिलावट के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले संदिग्ध पदार्थों के तीन सैंपल लिए गए। दूध व दूध बनाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले संदिग्ध पदार्थों के सैंपल भरे गए।
सेहत विभाग की टीम ने बुधवार सुबह 8 बजे नाभा तहसील में पड़ते गांव ढींडसा खरोड़ में ग्लैक्सो स्मिथ क्लाइन मिल्क चीलिंग सेंटर में रेड की। जिसको हरपाल सिंह नाम का व्यक्ति चला रहा है। रेड दौरान सेंटर से भारी मात्रा में नकली दूध व इसे बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध पदार्थ कब्जे में लिया गया। दूध व संदिग्ध पदार्थ के सैंपल भी लिए गए। टीम की ओर से मिल्क चिलिंग सेंटर के मालिक हरपाल सिंह खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाके भादसों पुलिस के हवाले कर दिया गया है।