पटियाला में नाभा गेट स्थित किरयाना की दुकान को बंद करके स्कूटर से घर जा रहे थोक व्यापारी के सिर पर रॉड मारकर लुटेरा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में पांच लाख 71 हजार रुपये थे। पुलिस ने अज्ञात लुटेरे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नाभा गेट स्थित मोदी प्लाजा के नजदीक किरयाना शॉप चलाने वाले 52 साल के अशोक कुमार गुप्ता निवासी खालसा मोहल्ला धोबी घाट शुक्रवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद करके दिन भर की कलेक्शन के 5 लाख 71 हजार रुपये बैग में रखकर स्कूटर से घर के लिए रवाना हुए।
उसने बेटे सिद्धार्थ ने बताया कि दुकान से 100 मीटर की दूरी पर एक गली को पार करके पिता जैसे ही मेन रोड पर चढ़ने लगे तो पीछे से एक युवक ने आकर उनके सिर में रॉड मार दी, जिससे पिता स्कूटर से गिर गए।
वह युवक स्कूटर के नीचे वाले हुक में फंसा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया। यह देखकर पास की एक दुकान का मालिक आया। थोक व्यापारी का स्टाफ, जो अभी दुकान के बाहर ही खड़ा था, वह भी शोर सुनकर चला आया। लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले के जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि जहां वारदात हुई, वहां या उसके आसपास कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था। इस कारण कोई फुटेज हासिल नहीं हो सकी है। लुटेरे के खिलाफ केस दर्ज करके तलाश शुरू कर दी है।
बहुत देर से पहुंची पुलिस
पीड़ित किरयाना थोक व्यापारी अशोक कुमार गुप्ता के बेटे सिद्धार्थ ने आरोप लगाया कि वारदात के तुरंत बाद उसने 100 नंबर पर फोन करके सूचना दे दी थी, लेकिन फिर भी पुलिस काफी लेट पहुंची। साथ ही बेटे ने वारदात में तीन युवकों के शामिल होने की बात कही। उसने कहा कि जो लड़का पिता से पैसों वाला बैग लेकर भागा था वह आगे जाकर वह दो अन्य युवकों से मिला था।