स्टूडेंट्स में झगड़ा, नौवीं के छात्र को चाकू मारा
नकाला रोड पर भूपिंदरा इंटरनेशनल स्कूल के गेट के पास वारदात
हमला करने वाले भी स्कूल के ही विद्यार्थी, जांच के बाद होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। डकाला रोड स्थित भूपिंदरा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के मेन गेट के पास पार्किंग में शुक्रवार को स्टूडेंट्स के दो गुट आपस में भिड़ गए। इस दौरान चाकू लगने से नौंवी कक्षा का एक छात्र घायल हो गया। उसे तुरंत सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल करवाया गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
वारदात के समय मौके पर मौजूद स्कूल के नौवीं कक्षा के छात्र अमृतपाल ने बताया कि कुछ दिन पहले क्लास में एक लड़के के साथ उसकी व उसके दोस्तों की किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। उस छात्र ने धमकी दी थी कि वह अपने भाई व उसके दोस्तों को लाएगा और उन्हें देख लेगा। शुक्रवार को जब वह व उसके दोस्त स्कूल में क्लासें लगाकर दोपहर करीब 12 बजे बाहर निकले तो उसी समय तीन लड़के आए और उनसे हाथापाई करने लगे। आरोपी लड़कों के पास चाकू भी था। अमृतपाल ने बताया कि एक आरोपी लड़का जैसे ही उसे चाकू मारने लग तो उसे बचाते समय उसके दोस्त मोहम्मद कैैफ की जांघ में चाकू लग गया।
तमाशबीन बने रहे स्कूल टीचर, सिक्योरिटी गार्ड
अमृतपाल ने आरोप लगाया कि स्कूल के टीचर व सिक्योरिटी गार्ड सब तमाशा देख रहे थे। कोई मदद के लिए या फिर आरोपी लड़कों को रोकने के लिए आगे नहीं आया। जब मोहम्मद कैफ के चाकू लगा तो भी स्कूल वालों ने मदद नहीं की। मोहम्मद कैफ के दोस्त ही उसे राजिंदरा अस्पताल लेकर गए।
घायल छात्र की मां ने की स्कूल के खिलाफ जांच की मांग
वारदात में घायल छात्र मोहम्मद कैफ की मां मरजीना ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों की सिक्योरिटी का जिम्मा स्कूल वालों का होता है लेकिन वह तो तमाशा देखते रहे।
जांच अधिकारी बलवीर सिंह ने बताया कि आरोपी लड़के भी भूपिंदरा इंटरनेशनल स्कूल के ही 12वीं क्लास के स्टूडेंट्स हैं। नौंवी क्लास के बच्चों में बहस किस बात को लेकर हुई थी और आरोपी कौन-कौन हैं, इन सबकी जांच हो रही है। इसके बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई होगी।