दहेज प्रताड़ना में महिला ने की खुदकुशी
पति, दो ननदों समेत चार के खिलाफ केस दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
ससुराल पक्ष की ओर से दहेज के लिए प्रताड़ित करने पर महिला ने पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली। थाना पसियाना पुलिस ने बुधवार शाम को पति, दो ननदों और ननद की बेटी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कांता रानी निवासी गांव कावला हरियाणा ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सविता (24) की शादी तीन साल पहले पटियाला के गांव कौरजीवाला के रहने वाले दीपक कुमार से हुई थी। उसका एक बच्चा भी है। उन्होंने बताया कि बीते कुछ समय से दहेज की मांग पर पति, ननदों की ओर से उनकी बेटी के साथ अक्सर मारपीट की जा रही थी। इससे तंग आकर सविता ने पंखे से लटक कर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इस बयान के आधार पर आरोपी पति दीपक कुमार, ननद अनिता, मंजू और मंजू की बेटी कोमल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।