जम्मू के ध्यानार्थ.....
पीयू स्टूडेंट ने फंदा लगाकर दी जान
जांच में सामने आई पढ़ाई में कमजोर होने की बात
पिता कश्मीर में इंस्पेक्टर के पद पर हैं तैनात
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
पंजाबी यूनिवर्सिटी के छात्र ने अपने पीजी में पंखे से लटक कर सुसाइड कर लिया। पुलिस के मुताबिक छात्र पढ़ाई में कमजोर था इसलिए मानसिक रूप से परेशान रहता था। सदर थाना पुलिस ने पिता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी थाना सदर पटियाला के एएसआई जसमेल सिंह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के जिला कुपवाड़ा के गांव कंडी का रहने वाला सरताज अंजार (21) पंजाबी यूनिवर्सिटी में बीबीए फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। वह प्रोफेसर कालोनी स्थित एक प्राइवेट पीजी में कमरा लेकर रहता था। जहां पर उसने पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी।
जसमेल सिंह ने बताया कि सरताज पढ़ाई में कमजोर था। इस कारण उस पर काफी दबाव था और जिससे वह काफी तनाव में रहता था। इसी मानसिक परेशानी की हालत में उसने पर्दे की मदद से पंखे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। सरताज के पिता मोहम्मद अंजार खान पुलिस इंस्पेक्टर हैं। पिता के बयान पर फिलहाल मामले में धारा 174 की कार्रवाई कर दी गई है।