कांग्रेस व्यापार सेल जिला पटियाला की ओर से सोमवार को विधायक परनीत कौर की अगुवाई में दाल दलिया चौक गुड मंडी में धरना दिया गया। इस मौके पर दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही महंगाई और खास तौर से पेट्रोल व डीजल के बढ़ते रेटों का विरोध किया गया।
परनीत कौर जमकर मोदी सरकार पर बरसीं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण महंगाई बढ़ती जा रही है। दालें लगातार महंगी हो रही हैं। इससे आम आदमी के लिए दो वक्त की रोटी खाना भी मुश्किल हो गया है। डीजल व पेट्रोल भी महंगा होता जा रहा है।
अच्छे दिन लाने का वादा करके सत्ता में आई मोदी सरकार अब हर फ्रंट पर फेल रही है। परनीत कौर ने बादल सरकार भी भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि पंजाब में बाकी राज्यों की तुलना में बिजली काफी महंगी है।
सीएम प्रकाश सिंह बादल और डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पंजाब को पावर सरप्लस स्टेट बता रहे हैं। जबकि लोगों को बिजली के लंबे कटों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस व्यापार सेल पटियाला के प्रधान अतुल जोशी ने कहा कि व्यापारी वर्ग सरकार की गलत नीतियों के कारण तबाह हो रहा है, क्योंकि पंजाब में डीजल, पेट्रोल, डीजल व अन्य चीजों पर वैट अन्य राज्यों की तुलना में सबसे अधिक है। पंजाब की इंडस्ट्री व यूनिट बंद होकर दूसरे राज्यों में शिफ्ट हो रहे हैं।
कांग्रेस के राज में जो पंजाब पहले तरक्की कर रहा था, अब हर चीज में पीछे जा रहा है। यह जनता के साथ सीधे तौर पर धोखा है। इस मौके पर कौंसिलर संजीव शर्मा बिट्टू, केके शर्मा, अनिल मंगला, गिन्नी नागपाल, हरीश कपूर आदि मौजूद रहे।