पिछले विधानसभा में संगरूर सीट हारने के बावजूद इस बार के चुनाव में भी जिला कांग्रेस एकजुट होती दिखाई नहीं दे रही जो कांग्रेस के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। हालांकि अभी पार्टी ने यहां से अपने प्रत्याशी की घोषणा नहीं की, लेकिन बगावत की चिंगारी सुलगने लगी है।
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन से हलके से कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर पूर्व सांसद विजयइंद्र सिंगला के नाम की चर्चा हो रही है। सूत्रों के मुताबिक सिंगला को संगरूर से टिकट मिलना लगभग तय है, जिसके चलते पूर्व विधायक सुरिंदरपाल सिंह सीबिया के समर्थकों ने सीबिया के पक्ष में झंडा बुलंद करते हुए साफ कह दिया है कि यदि सीबिया को टिकट नहीं मिली तो वह इसे सहन नहीं करेंगे।
शनिवार को सीबिया के निवास पर कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्षों की हुई बैठक में स्पष्ट कहा कि उन्हें चुनाव में सीबिया के बजाय कोई अन्य नेता मंजूर नहीं होगा। सीबिया ने पांच साल में लोगों से अपना संपर्क बनाए रखा और सीबिया की अगुवाई में ही कांग्रेस ने संगरूर में दो विशाल रैलियां कीं। सीबिया समर्थकों में ब्लाक अध्यक्ष परमिंदर शर्मा, वरिंदर पन्नवां, निरंतक सिंह बालिया, राजिंदरपाल भल्लू, संदीप बांसल, दर्शन कांगड़ा, पूनम कांगड़ा, रांझा सिंह खेड़ी, राधे राम पन्नवां मौजूद थे।