धान खरीद व पेमेंट में किसानों को दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। सरकार ने इस संबंधी कडे़ निर्देश जारी किए हैं। यह बात वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा के ओएसडी व हलका प्रभारी अमनवीर सिंह चैरी ने नई अनाज मंडी में धान खरीद के प्रबंधों का जायजा लेने के बाद पत्रकारों से कही।
उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार ने किसानी को बचाने के लिए हर संभव कदम उठाए हैं। दस साल से किसानों को मुफ्त बिजली दी जा रही है। पंजाब सरकार हर साल बिजली बोर्ड को करीब 6 हजार करोड़ रुपये इस बिजली के बिल के रूप में अदा करती है।
अकाली-भाजपा सरकार ने तो किसानों के हक में बड़े फैसले लेकर किसान हितैषी होने का प्रमाण दिया है, लेकिन अन्य विरोधी दलों कांग्रेस व आप ने किसानी के नाम पर केवल सियासत की है और झूठ बोला है।
आज कांग्रेस, किसानों के कर्ज माफ करने के झूठे वादे कर रही है, लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार ने तो किसानों को ट्यूबवेल के बिल लगा दिए थे। इस अवसर पर काउंसिल के अध्यक्ष भागीरथ राय, आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष राजिंदर बबली, तरसेम कुलार, प्रितपाल सिंह हांडा, भाजपा के जिला अध्यक्ष लाजपत गर्ग, महासचिव शंकर बांसल, राजन सिंगला, चमकौर सिंह, यादविंदर निर्माण, मनिंदर सिंह हाजिर थे।