पंजाब के पटियाला में भारतीय सेना के कर्नल और उनके बेटे के साथ पुलिस द्वारा मारपीट मामले में स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम सोमवार को पटियाला पहुंची। टीम ने एक नंबर भी जारी किया है।
पटियाला में कर्नल पुष्पिंदर सिंह बाठ के साथ मारपीट मामले की जांच के लिए एडीजीपी एएस रॉय की अगुवाई में गठित एसआईटी ने सोमवार को पटियाला में पहुंचकर केस की जांच शुरू कर दी। एडीजीपी ने राजिंदरा अस्पताल के बाहर संबंधित ढाबा के पास घटना स्थल का निरीक्षण किया। वहां से घटना के सभी तथ्य एकत्र किए और मामले की जांच के लिए सभी पहलुओं को सामने लाने की कार्रवाई की।
विज्ञापन
एडीजीपी ने बताया कि घटना की सीसीटीवी फुटेज को जांच के लिए भारत सरकार की सेंट्रल फोरेंसिक साइंस लैब में भेजा गया है। इस मौके पर उनके साथ एसआईटी सदस्य एसएसपी होशियारपुर संदीप मलिक, एसपी एसएएस नगर मनप्रीत सिंह और डीएसपी बाघापुराना दलबीर सिंह सिद्धू भी मौजूद रहे।
इसके बाद पटियाला के सर्किट हाउस में मीडिया से बात करते हुए एडीजीपी एएस रॉय ने स्पष्ट किया कि एसआईटी पूरे मामले की वैज्ञानिक, फोरेंसिक और तथ्य आधारित निष्पक्ष तरीके से जांच करेगी। उन्होंने इस मामले को अंजाम तक पहुंचाने के लिए लोगों को न्योता देते हुए कहा कि अगर किसी के पास इस मामले से संबंधित कोई वीडियो, किसी तरह का कोई अन्य सबूत या वह खुद आकर बयान देना चाहता है या कोई अन्य जानकारी है तो वह 2 अप्रैल को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सर्किट हाउस पटियाला में एसआईटी से मिल सकता है।
विज्ञापन
इसके अलावा जांच से जुड़ी जानकारी एसआईटी सदस्य डीएसपी बाघापुराना दलबीर सिंह सिद्धू के फोन नंबर 75083 00342 पर भी दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि घटना की गहन जांच कर आरोपियों को सजा दी जाएंगी।