संगरूर-बरनाला मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक बस और स्कार्पियो गाड़ी के बीच टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि स्कार्पियो में सवार आठ लोग घायल हो गए।
उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्कार्पियो में सवार सभी लोग बरनाला से कुरुक्षेत्र बच्चे के जन्मदिन के समागम में शिरकत करने जा रहे थे।
स्कार्पियो बरनाला से संगरूर की तरफ आ रही थी। जब वह मस्तुआना साहिब को पार करके गांव बड़रूखां के पास पहुंची तो संगरूर से बरनाला जा रही आहलुवालिया ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस से जबरदस्त टक्कर हो गई।
हादसे में स्कार्पियो में ड्राइवर के साथ बैठे बरनाला निवासी पचास वर्षीय गुरचरण सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। स्कार्पियो में सवार ड्राइवर लखविंदर सिंह, कुलदीप सिंह, हरजीत कौर, राजवीर कौर, लवप्रीत सिंह, हर्षप्रीत सिंह, गुरप्रीत कौर, कमलजीत सिंह निवासी बरनाला घायल हो गए। उन्हें फौरन संगरूर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने कुलदीप सिंह के बयानों पर बस चालक गुलजार सिंह निवासी मालेरकोटला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।