संगरूर के अमरगढ़ में शुक्रवार को संगत दर्शन के दौरान लोगों की समस्याएं सुनते मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से किसानों के कर्ज माफी संबंधी दिए बयान को झूठ का पुलिंदा करार देते कहा कि कैप्टन इस मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। बादल अमरगढ़ में संगत दर्शन कार्यक्रम करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हलका अमरगढ़ के अलावा नौ गांवों की पंचायतों को करीब दो करोड़ रुपये की ग्रांटों के चेक बांटे।
उन्होंने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह इस मुद्दे पर साफ झूठ बोल रहे हैं क्योंकि किसानों का कर्ज माफ करना राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। आम आदमी पार्टी पर शब्दों के बाण चलाते हुए उन्होंने कहा कि इस पार्टी का सूबे के लोगों की भलाई और विकास से कोई सरोकार नहीं है।
नवजोत सिंह सिद्धू के नेतृत्व वाले चौथे फ्रंट को सीएम ने भगोड़े और मौकापरस्त नेताओं की जुंडली बताते हुए कहा कि वे सिर्फ सत्ता की प्राप्ति के लिए जुड़ बैठे हैं। इन नेताओं की कोई भी विचारधारा नहीं है और न ही पंजाब और पंजाबियत के प्रति वफादार हैं।
उन्होंने कहा कि शिअद द्वारा अपने प्रत्याशियों और चुनावी घोषणा पत्र का एलान उचित समय पर किया जाएगा। इस मौके पर विधायक इकबाल सिंह झुंदा, मालेरकोटला से विधायक फरजाना आलम, मुख्यमंत्री के संयुक्त विशेष प्रमुख सचिव कुमार अमित, डीसी अर्शदीप सिंह थिंद, डीआईजी बलकार सिंह सिद्धू मौजूद थे।