नवजोत सिंह सिद्धू के साथ विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और कुलबीर सिंह जीरा।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस हाईकमान की ओर से नवजोत सिंह सिद्धू को रविवार देर रात पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनाए जाने के बाद पटियाला स्थित उनके निवास स्थान पर शुरू हुआ जश्न का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान समर्थकों ने ढोल की थाप पर जमकर भंगड़ा किया और एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर मुंह मीठा कराया।
उधर, सोमवार सुबह से ही सिद्धू के घर पर बधाई देने आने वालों का तांता लगा रहा। इनमें खास तौर से विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, कुलबीर जीरा और निर्मल सिंह शुतराणा शामिल रहे। विधायकों ने सिद्धू को गुलदस्ते भेंट कर बधाई दी और मुंह मीठा कराया। इससे पहले रविवार को देर रात जालंधर से लौटने के बाद सिद्धू सीधे गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब में माथा टेकने पहुंचे।
कांग्रेस एक परिवार, जल्द हो जाएंगे मतभेद दूर: राजा वड़िंग
सिद्धू को सोमवार सुबह बधाई देने पहुंचे विधायक अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस एक परिवार है। परिवार में मतभेद होते रहते हैं। कैप्टन और सिद्धू के बीच जो मतभेद हैं, वह जल्द दूर हो जाएंगे। इस मौके पर राजा वड़िंग ने पार्टी हाईकमान के फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि पार्टी ने पंजाब के लोगों की आवाज सुनी है और अब इसका कांग्रेस को आने वाले विधानसभा चुनावों में पूरा लाभ मिलेगा।
कैप्टन को आगे बढ़कर सिद्धू को बधाई देनी चाहिए: निर्मल सिंह
सिद्धू को बधाई देने उनके घर पहुंचे पटियाला जिले के शुतराणा हलके से विधायक निर्मल सिंह शुतराणा ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को आगे बढ़कर सिद्धू को प्रधान बनने पर बधाई देनी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द इन दोनों दिग्गज नेताओं में सब कुछ ठीक हो जाएगा। निर्मल सिंह ने पार्टी आलाकमान के फैसले पर खुशी जताते कहा कि यह पंजाब के हित में लिया फैसला है। सिद्धू के आने पर पंजाब का भविष्य ही बदल जाएगा।