पटियाला। कस्बा सन्नौर के शहीद ऊधम सिंह स्टेडियम में तीन दिवसीय राज्यस्तरीय हाकी चैंपियनशिप के दूसरे दिन सोमवार को दिलचस्प मुकाबले हुए। इस मौके पर बरनाला, मोगा और फतेहगढ़ साहिब की टीमों ने मैच जीत लिए।
मैचों को देखने के लिए हलका सन्नौर से अकाली दल के नेता तेजिंदरपाल सिंह संधू पहुंचे और उन्होंने खिलाड़ियों की हौंसला अफजाई की।
पहला मैच सोमवार को बरनाला और मुक्तसर की टीमों के बीच हुआ। इसमें बरनाला के खिलाड़ी भिंदर सिंह ने दो, गगनदीप सिंह ने एक, हर्षपाल ने एक गोल करके अपनी टीम को जीत दिला दी।
दूसरा मैच मोगा और बठिंडा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें मोगा के खिलाड़ी दलजीत सिंह ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक, हरदीप सिंह ने एक, अमनदीप सिंह ने एक गोल 3-0 के अंतर से मैच जीत लिया। तीसरा मैच फतेहगढ़ साहिब और मानसा की टीमों में खेला गया।
जिसमें फतेहगढ़ की टीम के खिलाड़ी योगेश ने एक, पंकज ने एक, आठा सिंह ने एक और मनु ने एक गोल दाग कर मानसा को 4-0 के अंतर से मात दी। चौथा मैच पटियाला व मुक्तसर की टीमों में हुआ, जिसमें पटियाला टीम के खिलाड़ी सिमरनजीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल किए।
जबकि अरुणव ने दो गोल करके पटियाला को 5-1 के अंतर से जीत दिलाई। दूसरी तरफ मुक्तसर के अजयपाल सिंह अपनी टीम की ओर से एक गोल करने में सफल रहे।
पाचवां मैच बरनाला व मोगा की टीमों के दौरान हुआ, जिसमें मोगा की ओर से खेलते हुए सूरज कुमार ने तीन, कमलप्रीत सिंह ने दो और नवदीप सिंह ने दो गोल किए और मोगा की टीम 7-2 के अंतर से विजेता रही। इस मौके पर नगर काउंसिल सन्नौर के प्रधान इंद्र कुमार छिंदी, भरत गोयल, प्रितपाल सिंह काउंसिलर आदि भी मौजूद रहे।