पटियाला में मैच के दौरान जोर आजमाइश करते खिलाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाबी यूनिवर्सिटी के राजा भालिंदरा सिंह स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में अखिल भारतीय इंटर यूनिवर्सिटी वुशु चैंपियनशिप शुरू हो गई। इसका शुभारंभ वीसी डा. जसपाल सिंह ने किया।
खेल डायरेक्टर डा. गुरदीप कौर रंधावा की अगुवाई में होने वाली इस चैंपियनशिप में देश भर से 41 यूनिवर्सिटियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन के मौके पर विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट के जरिए मुख्य मेहमान को सलामी दी। वीसी ने झंडा फहराकर चैंपियनशिप की शुरुआत कराई।
सोमवार को पहले दिन हुए पुरुषों के ताओलु वर्ग के ननकुन मुकाबले में पंजाबी यूनिवर्सिटी के शेर बहादुर ने 8.90 अंकों के साथ गोल्ड, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के नीरज ने 7.63 अंकों के साथ सिल्वर और बिहार यूनिवर्सिटी के कुमार आनंद ने 7.41 अंकों के साथ कांस्य का पदक जीता।
वीसी ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों की मेहनत के कारण हर साल राष्ट्रीय स्तर पर खेल दिवस के मौके पर माका ट्राफी के रूप में बड़ा सम्मान मिल रहा है। सोमवार को उद्घाटन के मौके पर खिलाड़ियों ने वुशु की दिलचस्प पेशकारियां दीं। मौके पर भारतीय वुशु एसोसिएशन के महासचिव सोहेल अहमद, खजांची एसएन दुबे, तकनीकी चेयरमैन शंभू सेठ मौजूद थे।