थाना भादसों के अधीन पड़ते गांव सुधेवाल के पास सड़क हादसे में चार साल के मासूम की मौत हो गई जबकि माता-पिता घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी थाना भादसों के एएसआई नाजर सिंह ने बताया कि गुरप्रीत सिंह (30) निवासी मंढोड थाना बख्शीवाला अपनी पत्नी व चार साल के बच्चे के साथ राम सिंह नाओ भादसों से वापस आ रहे थे। रास्ते में गांव सुधेवाल केपास ट्रैक्टर-ट्राली चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए स्कूटर को टक्कर मार दी जिससे बच्चे की मौत हो गई। माता-पिता घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली के चालक वजीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है।
एक अन्य मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। वाहन चालक ने पैदल जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मारी थी जिससे उसकी मौत हो गई थी। मनी मूल रूप से बिहार की रहने वाली और हाल निवासी धीरू नगर पटियाला ने पुलिस के पास बयान दिया है कि उसका पति उदेश कुमार (35)धीरू की माजरी के पास से जा रहा था। अचानक से एक तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे सरकारी राजिंदरा अस्पताल में दाखिल कराया गया जहां उसकी मौत हो गई।