एसजीपीसी के पूर्व सदस्य जरनैल सिंह ओलख ने चंडीगढ़ में संजय सिंह, सुच्चा सिंह छोटेपुर व भगवंत मान की मौजूदगी में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। ओलख ने यहां प्रेस क्लब में पत्रकारों को यह जानकारी दी। जत्थेदार ओलख ने 2012 के विधानसभा चुनाव में आजाद प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। ओलख ने कहा कि वह आम आदमी पार्टी में कोई लालच लेकर शामिल नहीं हैं और न ही वह चुनाव लड़ने की मंशा से आए हैं। उन्होंने कहा कि वह हमेशा हलके के हितों के लिए लड़ते आए है ओर आगे भी हलके के हितों के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने हलके में विधान सभा, लोकसभा और एसजीपीसी चुनाव में बाहरी प्रत्याशी दिए हैं। इसके बाद से सारे जिलों में नशे का कारोबार भी बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि अकाली दल ने जिले को बाहरी नेताओं को ठेके पर दे दिया है। उन्होंने कहा कि अकाली नेताओं की शह पर जिला में गैर कानूनी माइनिंग का काम हो रहा है। रोजाना करोड़ों रुपये जिला का सफेद सोना जिला से बाहर जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई गांव वासी एक ट्राली रेत की भर लेता है तो उस पर पुलिस मामला दर्ज कर देती है। करोड़ों रुपये का गैर कानूनी कारोबार करने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। जत्थेदार ओलख ने कहा कि आम आदमी पार्टी पंजाब के लोगों के लिए तीसरा विकल्प है। ओलख ने कहा कि उनका मिशन आप की पंजाब में सरकार बनवाना है। इस मौके पर बसंत सिंह, कलमजीत सिंह, प्रेम सिंह, जसवीर सिंह, बलवीर सिंह भंगू, गुरमीत सिंह प्रिंस जौली, अशोक, रविंदरपाल सिंह, हरदयाल चंद पंच आदि मौजूद थे।