पटियाला से सांसद डा. धर्मवीर गांधी ने कहा है कि उन्होंने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है और न ही वह भविष्य में आप से इस्तीफा देंगे। इस्तीफा तो दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को देना चाहिए, जिन्होंने पार्टी के सिद्धांतों को ताक पर रखा है और आम लोगों को धोखा है जिन्होंने अपनी कीमती वोटें देकर आप को देश की राजधानी दिल्ली में सत्ता में बैठाया।
डा. गांधी ने कहा कि वे पार्टी के वफादार सिपाही हैं, जिन्हें पटियाला लोकसभा हलके के लोगों ने चुना है। लोगों की मर्जी है कि वे सांसद के तौर पर काम करते रहें इसलिए वे काम करते रहेंगे। हालांकि वह पार्टी के सिद्धांतों को दगा देने वालों के खिलाफ भी आवाज बुलंद करते रहेंगे। फिर चाहे वे केजरीवाल ही क्यों न हों। केजरीवाल एक हिटलर की तरह पार्टी चला रहे हैं।
डा. गांधी ने कहा कि केजरीवाल के खिलाफ आवाज उठाने की ही उन्हें सजा मिली है और पार्टी ने उन्हें पूरी तरह से साइड लाइन कर दिया है। वे फिर भी आने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के ईमानदार व साफ छवि वाले उम्मीदवारों के हक में चुनाव प्रचार करेंगे।
अभी तो नहीं छोड़ी पार्टी : खालसा
फतेहगढ़ साहिब। सांसद हरिंदर सिंह खालसा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा देने की खबरों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि अभी तो उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी है। हालांकि उन्होंने कहा कि उनके कुछ समर्थक एक डेढ़ महीने में अलग पार्टी बनाएंगे। वे लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर ही पार्टी ज्वाइन करेंगे।