पटियाला के ऐतिहासिक श्री काली माता मंदिर में माथा टेकते आप के पटियाला देहाती से उम्मीदवार करनवीर सिंह टिवाणा।
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी के पटियाला देहाती से उम्मीदवार करनवीर सिंह टिवाणा ने सोमवार को गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब और काली माता मंदिर में माथा टेका। इसके बाद अर्बन इस्टेट से शुरू करके पटियाला देहाती हलके के विभिन्न गांवों से रोड शो निकाला। वहीं टिवाना के गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब में उन्हें सिरोपा नहीं मिला। काली माता मंदिर में उन्हें लाल रंग का सिरोपा दिया गया।
गुरुद्वारा दुखनिवारण साहिब में सिरोपा न दिए जाने पर टिवाणा ने अकाली दल पर तीखा सियासी वार करते हुए कहा कि इससे साबित होता है कि गुरु घरों का भी सियासीकरण हो चुका है। धार्मिक संस्थान सभी के लिए एक हैं। गुरुद्वारा साहिब कोई भी आ जाए उसे धार्मिक रिवाजों के मुताबिक सिरोपा दिया जाना चाहिए। यह आज से नहीं लंबे समय से चलता आ रहा है।
आज गुरु घरों में बैठे सेवादारों की ओर से सिरोपा न देना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब अकाली दल के इशारे पर हो रहा है क्योंकि बादल परिवार की ओर से एसजीपीसी प्रधान को हिदायतें दी गई हैं कि आप के किसी भी उम्मीदवार को सिरोपा भेंट नहीं करना है। उन्होंने कहा कि अकाली दल के पतन का समय आ गया है।