पटियाला। पूर्व अकाली पार्षद की विवाहिता बेटी ने अपने पिता और भाई पर उसके साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस की ओर से जांच के दौरान इस मामले ने नया मोड़ ले लिया, जब बुधवार को पूर्व पार्षद की बेटी का पति राजिंदरा अस्पताल में दाखिल हो गया। पति का आरोप है कि जांच के लिए थाने बुलाए जाने के बाद उसके साथ पुलिस ने मारपीट की। खबर लिखे जाने तक इन दोनों मामलों में जांच चल रही थी। संबंधित सिविल लाइन थाने के थानेदार गुरइकबाल सिंह का कहना है कि सब आरोप गलत हैं।
मामले के जांच अधिकारी सिविल लाइन थाने के एएसआई जसविंदर पाल सिंह और थानेदार गुरइकबाल सिंह ने बताया कि पूर्व अकाली पार्षद गुरचरन सिंह ठेकेदार की बेटी दीप माला (32) निवासी बाजीगर बस्ती ने थाने में शिकायत दी थी कि 17 जून को जब वह अपने पिता के घर गई, तो उसके साथ पिता व भाई लकी ने मारपीट की। साथ ही उस पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगाने की कोशिश भी की गई। किसी तरह बच कर वह वापस आ गई। इसकी शिकायत उसने पुलिस को दी। पुलिस ने उसकोे मॉडल टाउन डिस्पेंसरी जाकर मेडिको लीगल रिपोर्ट कटाने के लिए कहा। पुलिस के मुताबिक यह बात सुनकर उसका पति अमरिंदर सिंह तैश में आ गया और उसने थानेदार गुरइकबाल सिंह की ड्यूटी में बाधा डाली और अपनी 13 साल की लड़की और पत्नी के साथ थानेदार को धमकियां देता हुआ वहां से चला गया। वहीं पूर्व पार्षद की बेटी का आरोप है कि पुलिस ने उसके पति को थप्पड़ मारे और उसकी ओर से दी शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं की। विवाहिता का पति बुधवार को राजिंदरा अस्पताल में दाखिल हो गया। खबर लिखे जाने तक उसकी एमएलआर कट चुकी थी।
थानेदार गुरइकबाल सिंह के मुताबिक पूर्व पार्षद की बेटी ने अपने परिवार वालों की मर्जी के विपरीत करीब 13 साल पहले शादी कर ली थी। जिसके बाद उसे बेदखल कर दिया गया था। अब वह पैसों के लालच में पिता के घर चली जाती है। पति-पत्नी दोनों ही पूर्व पार्षद और उसके बेटे पर जो इल्जाम लगा रहे हैं, उनकी जांच की जा रही है। उसके बाद ही बनती कार्रवाई होगी। पुलिस की ओर से मारपीट की बात सरासर गलत है।