पटियाला। ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने कहा कि जरूरतमंद व होनहार विद्यार्थियों की देखरेख के लिए जल्द ही एक ट्रस्ट की स्थापना की जाएगी, जो शिक्षा दिलाएगा और रोजगार मिलने तक उनकी देखरेख करेगा। वह शनिवार को गांव रखड़ा के सरकारी मिडल स्कूल में पंजाब हरियाली मुहिम के तहत पौधरोपण के लिए पहुंचे थे।
इस मौके पर उन्होंने लोगों को पर्यावरण सुरक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने और भूजल के गिरते स्तर में सुधार के लिए पानी का समझदारी से प्रयोग करने के प्रति प्रेरित किया। इस मौके पर रखड़ा ने बताया कि पंजाब सरकार ने राज्य में वनों के अधीन आने वाले रकबे को सात फीसदी से बढ़ाकर 15 फीसदी करने के लिए विशेष पंजाब हरियाली मुहिम शुरू की है। इसके तहत हर व्यक्ति एक पौधा जरूर लगाए। इस मुहिम में जिले में 31 मार्च 2013 तक 25 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है।
इसलिए जिले की सभी पंचायती जमीनों, शिक्षण संस्थानों, सेहत संस्थाओं, सरकारी इमारतों, गांवों, सड़कों और नहरों के आसपास और खाली पड़ी जगहों पर फूलदार, छायादार और फल वाले पौधे लगाए जाएंगे। इन पौधों की देखभाल भी की जाएगी। इस मौके पर पंजाब एग्रो फूडग्रेन के चेयरमैन रणधीर सिंह रखड़ा, पंजाब मुलाजिम भलाई बोर्ड के चेयरमैन सुरिंदर सिंह पहलवान, एसजीपीसी मेंबर कुलदीप सिंह आदि मौजूद रहे।