50 हजार नए ट्यूबवेलों को मिलेगी बिजली: मंत्री
नई पालिसी के तहत पावरकाम चालू वित्तीय वर्ष में जारी करेगा कनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
सूबे के बिजली मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ ने कहा कि सरकार की ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने की पालिसी घोषित कर दी है। इसके अधीन पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 50 हजार ट्यूबवेलों को बिजली कनेक्शन जारी करेगा। कांगड़ सोमवार को पावरकाम के बडूंगर स्थित ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (टीटीआई) में समागम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि आने वाले धान के सीजन दौरान किसानों को आठ घंटे बिजली देने के लिए पावरकाम की ओर से पूरे प्रबंध कर लिए गए हैं। खपतकारों की शिकायतों को निपटाने के लिए जोन स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएंगे। पावरकाम की ओर से भरती किए जा रहे 2800 सहायक लाइनमैन, 300 जेई, 248 एसएसए, 330 एलडीसी पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र जारी करने की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि योग्य उम्मीदवारों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे। इस मौके पर ठेका मुलाजिमों को नियुक्ति पत्र बांटे गए।
पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर ने कहा कि पावरकाम एक तरफ सूबे में 92 लाख से ज्यादा बिजली खपतकारों के घरों को रोशन कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ कैप्टन सरकार की ओर से घर-घर रोजगार मुहैया कराने के वादे को ध्यान में रखते हुए पावरकाम नौजवानों को रोजगार मुहैया कराने में भी मुख्य भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि गुरू नानक देव थर्मल प्लांट बठिंडा से सरप्लस हुए ठेकेदारों के कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र देने शुरू कर दिए हैं। इस संबंधीमें पटियाला में यह दूसरा समागम आयोजित किया गया है।