पटियाला में पद्मावत के खिलाफ प्रदर्शन
अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा ने फिल्म पर बैन लगाने की मांग उठाई
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
बॉलीवुड डायरेक्टर संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत के खिलाफ मंगलवार को बाद दोपहर अखिल भारतीय क्षत्रीय महासभा ने पटियाला में ओमेक्स माल के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारिोयं सरकार से फिल्म के प्रदर्शन पर बैन लगाने की मांग की गई। मांग पूरी न होने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी गई।
क्षत्रिय महासभा के राज कुमार राणा, रणदीप सिंह राणा, संजीव कुमार राणा आदि ने कहा कि राजपूत समाज सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करता है, जिसमें कोर्ट ने सारी राज्य सरकारों को अमन शांति के साथ पद्मावत फिल्म का प्रदर्शन सिनेमा घरों में कराने के आदेश दिए हैं। महिलाओं की इज्जत का हवाला देते हुए, हिंदुस्तान की आन, बान व शान के लिए, देश के लिए बड़ी-बड़ी कुर्बानियां देने वाले राजपूत समाज के लिए यही मांग करता है कि पद्मावत पर बैन लगाया जाए। साथ ही मांग करता है कि पिछले 30 सालों में रानी पद्मावती के जीवन पर बनी सारी फिल्मों के डायरेक्टरों, निर्माताओं की छानबीन करके यह पता लगाया जाए कि क्या यह लोग आईएसआई या अंडरवर्ल्ड के लोगों के साथ तो नहीं जुड़े हैं और किसी समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाना चाहते हैं। साथ ही साफ किया कि राजपूत समाज अपने इतिहास को किसी भी तरह से तोड़ मरोड़ कर फिल्मों में पेश करने नहीं देगा। बाद में महासभा ने पटियाला के एसडीएम को मांग पत्र भी सौंपा।