संवाद न्यूज एजेंसी
राजपुरा। थाना सिटी राजपुरा पुलिस ने राजस्थान सरकार में फूड सप्लाई का टेंडर दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 7.22 करोड़ की ठगी करने के आरोप में दो युवकों पर केस दर्ज किया है। आरोपी सतीश कुमार व अमित कुमार राजस्थान के निवासी हैं।
चंडीगढ़ के सेक्टर-18सी निवासी सुनील बांसल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी पहचान आरोपियों से एक दोस्त के जरिये हुई थी। आरोपियों ने खुद को राजस्थान सरकार में उच्च पहुंच वाला बताकर उसे विश्वास में ले लिया। उन्होंने राजस्थान सरकार में लगभग 350 करोड़ का फूड सप्लाई टेंडर दिलाने का झांसा देकर उससे 7.22 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने न तो कोई टेंडर दिलवाया और न ही पैसे वापस किए। सुनील बांसल ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे विश्वास में लेने के लिए एक फर्जी वेबसाइट बनाई और उस पर नकली बिडिंग करवाई। इस बिडिंग में दो अन्य व्यक्ति भी शामिल थे, जिन्हें आरोपियों ने सरकारी अधिकारियों का करीबी बताकर उसका विश्वास जीत लिया। बिडिंग के दौरान आरोपियों ने उसे 4 करोड़ राजस्थान सरकार के नाम से एक बैंक खाते में जमा कराने को कहा। जब उसने यह रकम जमा कर दी, तो आरोपियों ने बिडिंग की रकम बढ़ने का बहाना बनाकर उससे 3.40 करोड़ और जमा करवा लिए। पैसे लेने के बाद आरोपियों ने टेंडर दिलाने में टालमटोल शुरू कर दी। इसके बाद अपने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिए।