क्लब इलेवन ने सीएम इलेवन को हराया
हेरीटेज फेस्टिवल के तहत ध्रुव पांडव स्टेडियम में करवाया क्रिकेट मैच
इंसान के जीवन में सकारात्मक बदलाव लेकर आता है खेल : परनीत कौर
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
शहर में हेरीटेज फेस्टिवल के चौथे दिन शनिवार को बारादरी बाग स्थित ध्रुव पांडव स्टेडियम में क्रिकेट मैच रखा गया। इसमें क्लब इलेवन की टीम ने सीएम इलेवन की टीम को 43 रन से हरा दिया। मैच में सीएम इलेवन टीम की अगुवाई नगर निगम पटियाला के मेेयर संजीव शर्मा बिट्टू ने की। वहीं क्लब इलेवन टीम की अगुवाई राजेश धीमान की ओर से की गई।
क्लब इलेवन की टीम ने सुबह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 169 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएम इलेवन की टीम 18 ओवरों में ऑल आउट होकर 126 रन ही बना सकी। इस दौरान बतौर मुख्य मेहमान पहुंची पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री परनीत कौर ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि खेल इंसान को सहनशील, टीम में काम करने के सक्षम, समय का पाबंद होने और समस्या हल करने का हुनर सिखाने के साथ-साथ शारीरिक रूप से भी तंदरुस्त रखता है।
डीसी कुमार अमित ने कहा कि खेलों में भाग लेने से सेहत भी ठीक रहती है। इस दौरान सीएम के ओएसडी अमृतपाल सिंह हनी सेखों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सचिन शर्मा और पावरकॉम के प्रबंधकीय डायरेक्टर आरपी पांडव भी मौजूद रहे।