जैवलिन थ्रो में नीरज चोपड़ा ने नया मीट रिकार्ड बनाया
एनआईएस में रन एडम फेडरेशन कप सीनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप का दूसरा दिन
400 मीटर में हिमा दास ने जीता गोल्ड
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
नीरज चोपड़ा ने देश के बेस्ट जैवलिन थ्रोअर की अपनी पोजीशन को बरकरार रखा है। उन्होंने मंगलवार को नेता जी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) में आयोजित रन एडम फेडरेशन कप सीनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2018 में नया मीट रिकॉर्ड बनाया है।
अपनी इस सफलता पर खुशी जताते हुए नीरज चोपड़ा ने कहा कि वह पिछले महीने इंडियन ग्रैंड प्रिक्स में एथलेटिक्स फेडरेशन आफ इंडिया (एएफआई) की क्वालीफाइंग गाइड लाइंस के मुताबिक कामनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। बावजूद इसके वह फेडरेशन कप में शानदार प्रदर्शन करना चाहते थे। इसके लिए वह काफी मेहनत कर रहे था और इसका नतीजा उन्हें मिल गया। गौरतलब है कि कामनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई करने का अब फेडरेशन कप आखिरी मौका है।
उधर 18 साल की हिमा दास ने 400 मीटर रेस में शानदार प्रदर्शन करके गोल्ड जीत लिया और कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया। हिमा दास का कहना है कि उन्होंने सोचा नहीं था कि वह 400 मीटर रेस जीत लेगी लेकिन वह बिना किसी बाधा के दौड़ी। दूसरे नंबर पर जीके विजय कुमारी रही।
शॉट पुटर तेजिंदर पाल तूर ने भी मंगलवार को कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया। उन्होंने कहा कि वह अपनी परफार्मेंस से ज्यादा खुश नहीं है। वह और अच्छा कर सकते थे। कामनवेल्थ गेम्स में वह पूरा जोर लगा देंगे। उधर लांग जंप में एम श्रीशंकर ने गोल्ड मेडल जीता लेकिन वह कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए।