शहीद मनदीप ढिल्लों के परिवार की मदद को बढ़े हाथ
- विंग कमांडर के परिजनों को पंजाब सरकार ने दिए 12 लाख
- कैबिनेट मंत्री धर्मसोत बोले, परिवार के एक सदस्य को दी जाएगी नौकरी
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला ।
अरुणाचल प्रदेश में ईटानगर के पास हुए हादसे में शहीद जवान के परिजनों को पंजाब सरकार ने 12 लाख रुपये की मदद दी है। वायु सेना के विंग कमांडर मनदीप ढिल्लों की मौत हेलिकाप्टर हादसे में तब मौत हो गई थी, जब वे अपनी टीम के साथ बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत और बचाव कार्य में जुटे थे। रविवार को पटियाला निवासी मनदीप सिंह ढिल्लों के अंतिम अरदास और श्रद्धांजलि समारोह में सरकार की ओर से पहुंचे कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने शहीद के परिवार को सांत्वना दी।
उन्होंने कहा कि विंग कमांडर मनदीप ढिल्लों की कुर्बानी पर पूरे देश को जान है। उनकी शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकता। धर्मसोत ने पंजाब सरकार की तरफ से शहीद विंग कमांडर के परिवार को 12 लाख रुपये की मदद और परिवार के एक मेंबर को सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया। साथ ही उन्होंने शहीद की पत्नी प्रभजीत कौर को पंजाब सरकार की तरफ से पांच लाख रुपये की एक्स ग्रेशिया का चेक मौके पर ही भेंट किया। इस मौके पर शहीद ढिल्लों के पिता सेवानिवृत्त स्क्वार्डन लीडर पूरन सिंह ढिल्लों ने कहा कि उनके परिवार के लिए गर्व की बात यह है कि उनके बेटे ने देश की सेवा करते हुए अपनी जान दी है।