घर से भागे दो भाई, परिजनों को सौंपे
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
स्कूल की ओर से छुट्टियों में करने के लिए दिया काम न करने से डरे दो सगे भाई घर से भाग गए, जिन्हें पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद रेलवे स्टेशन के नजदीक से बरामद करके सही सलामत इनके अभिभावकों के हवाले कर दिया है। दोनों भाई रोपड़ में तैनात तहसीलदार के घरेलू नौकर के बच्चे हैं।
माडल टाउन चौकी के इंचार्ज गुरदीप सिंह ने बताया कि वीरवार सुबह शंकर नाम का एक व्यक्ति उनके पास आया और बताया कि उसके दो लड़के सौरव (13) और विशाल (9) घर से लापता हो गए हैं। शंकर यादविंदरा एनक्लेव निवासी रोपड़ में तहसीलदार राजपाल सिंह का घरेलू नौकर है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू की, तो सामने आया कि दोनों भाइयों के स्कूल एक जुलाई से खुल गए थे। वह रोजाना घर से स्कूल जाने के लिए निकलते थे, लेकिन अपने-अपने स्कूल नहीं जा रहे थे।
दोनों भाइयों ने अपना छुट्टियों का काम नहीं किया था और अब स्कूल टीचरों से डर रहे थे कि कहीं वह डांटे नहीं और अभिभावकों को शिकायत न कर दें। वीरवार सुबह दोनों भाई घर से भाग गए। पुलिस ने दोनों भाइयों की शहर के विभिन्न स्थानों पर काफी तलाश की। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन के नजदीक रेलवे लाइन पर जा रहे दोनों भाइयों को पुलिस ने बरामद कर लिया। दोनों लड़कों को उनके अभिभावकों के हवाले कर दिया है। बच्चे ठीक हैं।