पंजाब चुनाव आयोग को भंग किया जाए : चंदूमाजरा
आयोग पर चुनावों में पक्षपाती रवैया अपनाने के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
शिअद के महासचिव एवं सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने नगर निगम चुनाव के दौरान पंजाब चुनाव आयोग की ओर पक्षपाती रवैया अपनाने के आरोप लगाते हुए इसे भंग करने की मांग की है। चंदूमाजरा ने मांग की कि पटियाला निगम के चुनाव रद्द कर दोबारा कराए जाएं। साथ ही सिख धर्म के चिह्नों की बेअदबी करने वालों पर केस दर्ज किए जाएं।
चंदूमाजरा ने कहा कि चुनावों के दौरान अन्य पार्टियों के उम्मीदवारों के साथ मारपीट हुई। महिलाओं से खींचतान हुई और सिख धर्म के चिह्नों की बेअदबी की गई। यह सब लोकतंत्र पर एक काला धब्बा है। उन्होंने मांग की कि पंजाब का चुनाव आयोग तुरंत भंग हो, जो सरकार के इशारे पर चला। साथ ही मांग की कि गृह मंत्रालय की ओर से पटियाला निगम का चुनाव रद्द कर दोबारा कराने के आदेश किए जाएं। चुनावों में धांधली कराने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लेने की प्रमुख सचिव को हिदायतें की जाएं।