सड़क हादसों में किसान समेत दो की मौत
अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज, दोनों आरोपी फरार
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
अलग-अलग सड़क हादसों में एक किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामलों में कार्रवाई करते हुए अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
हरदीप सिंह निवासी गांव डंडोआ ने सदर थाना पुलिस के पास बयान दिया है कि उसका भाई बलजीत सिंह (40), उसका लड़का नरिंदरजीत सिंह (11 साल) और बुआ का लड़का कुलविंदर सिंह (36) तीनों बाइक से गांव जोड़ियां से डंडोआ की तरफ आ रहे थे। रास्ते में गांव अकालगढ़ के पास सामने से आ रहे वाहन ने अपने आगे जा रहे वाहन को जैसे ही ओवरटेक किया वाहन का संतुलन बिगड़ा और चालक गलत साइड में जाकर सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कुलविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कुलविंदर खेतीबाड़ी का काम करता था। वहीं बलजीत सिंह और नरिंदरजीत सिंह घायल हो गए। उन्हें पटियाला के एक प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। उधर वारदात के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
दूसरे केस में पवन कुमार निवासी नजदीक दारू कुटिया ने अर्बन एस्टेट थाना पुलिस पास बयान दिया है कि वह केटरिंग का काम करता है। वह अपनी लेबर को लेकर गाड़ी में सवार होकर अर्बन इस्टेट के पास से जा रहा था। इसी बीच एक तेज रफ्तार टिप्पर के चालक ने लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में गाड़ी में बैठा बलबीर सिंह नीचे गिर गया और इसकी मौत हो गई। बाकी लेबर के चोटें लगीं। पुलिस ने अज्ञात टिप्पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है।