बेकाबू कार नहर में गिरी, दो की मौत
क्रेन से कार को बाहर निकाला, एक शव बरामद, दूसरे की तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा।
हलका घनौर के गांव लाछड़ू से गुजरती भाखड़ा नरवाना ब्रांच नहर के नजदीक पूल की टूटी रेलिंग के एक कार के पानी में गिर गई। हादसे में दो नौजवानों की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी व इलाका निवासियों ने मौके पर पहुंच क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला। एक युवक का शव कार से मिल गया और दूसरे का शव पानी के तेज बहाव से आगे निकल गया।
कपड़े की फड़ी लगाने वाले अंबाला शहर निवासी जसप्रीत (24) और विकास (27) रविवार भी सैंट्र कार पर सवार हो कर पटियाला की संडे मार्केट में फड़ी लगाने के लिए आ रहे थे। सुबह करीब नौ बजे हलका घनौर से निकलती भाखड़ा-नरवाणा ब्रांच नहर पर बने पुल पर कार किसी कारण वश बेकाबू हो गई और टूटी रेलिंग से नहर में जा गिरी। हादसा देखकर आसपास के लोग मौके पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने क्रेन व गोताखोरों की मदद से करीब 12 बजे कार को नहर से बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक कार की ड्राइविंग सीट पर बैठे मृतक जसप्रीत की जेब से मिले पते से उस की पहचान हो पाई और उनके परिजनों को सूचना दी गई। कार में सवार दूसरे नौजवान का शव नहीं मिल सका। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक कार जब नहर में गिरी तो उनमें से एक नौजवान कार का शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास करता रहा। हमारे लोग जब तक रस्सी लेकर आते तब तक वह नहर के पानी के तेज बहाव के चलते बह गया ।गांव वालों ने काफी दूर तक उसे बचाने का प्रयास किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। समाचार लिखे जाने तक नहर में बहे विकास का शव पुलिस व गोताखोरों को नहीं मिल सका था। घन्नौर थाने के एसएचओ रघुबीर सिंह का कहना है कि दोनों युवकों की मौत हो चुकी है। एक का शव नहर से निकाल लिया गया है। दूसरे की तलाश की जा रही है।