बिजली मुलाजिमों की पावरकॉम हेडआफिस के सामने रैली
मैनेजमेंट ने रिलीज कीं मुलाजिमों की तनख्वाहें
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
एक महीने की तनख्वाहें अब तक रिलीज न होने से गुस्साए बिजली मुलाजिमों ने वीरवार को पीएसईबी इंप्लाइज ज्वाइंट फोरम के बैनर तले पावरकॉम हेडआफिस के सामने रोष रैली की। इसको देखते हुए पावरकॉम मैनेजमेंट को फौरी तौर पर तनख्वाहें रिलीज करने के लिए मजबूर होना पड़ा। इस दौरान बिजली मुलाजिमों की मानी मांगों को लागू कराने के लिए वीरवार से 15 मार्च तक मंडल स्तर पर मैनेजमेंट व सरकार के खिलाफ अर्थी फूंक प्रदर्शनों, 11 अप्रैल को प्रदेश स्तर की हड़ताल में ज्यादा से ज्यादा गिनती में बिजली मुलाजिमों को भाग लेने की अपील की गई।
गुस्साए बिजली मुलाजिमों ने वीरवार को पावरकॉम हेडआफिस के सामने रोष रैली की। उनके गुस्से को देखकर मैनेजमेंट ने ज्वाइंट फोरम के ओहदेदारों को बैठक के लिए बुलाया। इसमें मैनेजमेंट की ओर से डायरेक्टर वित्त एससी अरोड़ा, डायरेक्टर प्रबंधकीय आरपी पांडव, ज्वाइंट फोरम की ओर से कर्मचंद भारद्वाज, कुलदीप सिंह और जैल सिंह ने भाग लिया।
सब्सिडी का पैसा न मिलने से पावरकॉम की हालत खस्ता : मैनेजमेंट
मैनेजमेंट ने बताया कि पावरकॉम की वित्तीय हालत काफी खस्ता है। सरकार की ओर से 5100 करोड़ की सब्सिडी की बकाया रकम में से केवल 50 करोड़ ही जारी किए गए हैं। ऐसे में पावरकॉम का काम चलाने के लिए कर्ज लेकर अदायगियां करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बिजली मुलाजिमों ने भी तनख्वाहें न मिलने से हो रही मुश्किलों का रोना रोया। मुलाजिमों ने बताया कि उनके लिए परिवार का गुजारा करना और बच्चों की पढ़ाई करवाना मुश्किल हो रहा है। सरकार से बिजली निगम को सब्सिडी की बकाया रकम जल्द रिलीज करने की भी मांग की गई।