टूर्नामेंट में सीजीसी के विद्यार्थियों ने जीता गोल्ड
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा।
सीजीसी ग्रुप आफ कॉलेजिस लांडरा की हैंडबाल टीम ने पीटीयू इंटर कॉलेज हैंडबाल टूर्नामेंट में दूसरी बार कब्जा कर चैंपियन बनने का सम्मान हासिल किया है। इसमें चैंपियन टीमों को पीटीयू के अधिकारियों ने गोल्ड मेडल और यादगारी सम्मान चिह्न देकर समान्नित किया। साथ ही कॉलेज कैंपस पहुंचने के बाद ही मैनेजमेंट ने जोरदार स्वागत किया।
सीजीसी के खेल प्रबंधक डीपी कमलदीप सिंह ने बताया कि सीटीआईएमटी कॉलेज शाहपुर में हुए पीटीयू इंटर कालेज टूर्नामेंट में अलग-अलग कॉलेजों की 12 लड़कों और 10 लड़कियों की टीमों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि लड़कियों की टीमों ने विभिन्न राउंड में मैच के दौरान अव्वल स्थान की खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए सभी मैचों में बड़े अंतर से जीत हासिल की। इस तरह लड़कों की टीमों ने भी सभी मैचों को जीतकर चैंपियन होने का सम्मान चिह्न हासिल कर सीजीसी लांडरा की झोली में दूसरी बार चैंपियन ट्रॉफी डाली है। ग्रुप के चेयरमैन सतनाम सिंह संधू व प्रेजीडेंट रशपाल सिंह धालीवाल ने कहा कि 19 साल पहले हमारी यह कोशिश थी कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा देने के साथ-साथ खेलों के क्षेत्रों में भी निपुण बनाया जाएगा।