वार्ड नंबर 37 से अकाली उम्मीदवार रमनप्रीत कौर जीतीं
50.12 फीसदी वोटरों ने दिए मत
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
नगर निगम के वार्ड नंबर 37 के बूथ नंबर तीन के मंगलवार को दोबारा हुए चुनाव में शिरोमणि अकाल दल की उम्मीदवार रमनप्रीत कौर जोनी कोहली विजेता रहीं। रमनप्रीत कौर ने कांग्रेस की उम्मीदवार मीनाक्षी कश्यप को 471 वोटों के अंतर से हरा दिया। इस बूथ की मशीन खराब होने से 17 दिसंबर को चुनाव वाले दिन वोटिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर विकास कम एडिशनल जिला चुनाव अधिकारी शौकत अहमद परे ने बताया कि मंगलवार को बूथ नंबर तीन के चुनाव के दौरान 50.12 फीसदी वोटरों ने अपने वोट देने के अधिकार का इस्तेमाल किया। चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हुए। वार्ड नंबर 37 के बूथ नंबर तीन के आए नतीजों में कुल 1759 वोटें पड़ीं। इसमें से शिरोमणि अकाली दल की रमनप्रीत कौर जोनी कोहली को 1085, कांग्रेस पार्टी की मीनाक्षी कश्यप को 614, आम आदमी पार्टी की जसबीर कौर को 31 और आजाद उम्मीदवार शविंदर कौर को पांच वोटें मिलीं। वहीं 24 वोटरों ने नोटा के बटन का इस्तेमाल किया।