धमाके में टांग खोने वाले आठ साल के नूर हसन की मौत
हादसे के बाद से ही हालत गंभीर बनी हुई थी, धमाके में मरने वालों की संख्या तीन हुई
मोहाली से फोरेंसिक माहिरों की टीम पहुंची घटनास्थल पर, सैंपल लिए
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
सन्नौरी अड्डा स्थित लक्कड़ मंडी के पीछे बाबा बीर सिंह धीर सिंह कालोनी में कबाड़ी की झुग्गी में हुए धमाके में गंभीर घायल आठ साल के नूर हसन की मंगलवार तड़के सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। धमाके में मरने वालों की संख्या अब तीन हो गई है। हादसे में घायल बाकी तीन बच्चों आठ साल के बब्बू, छह साल की आफरीन और डेढ़ साल के सब्बू की हालत फिलहाल स्थिर है। उधर मंगलवार को मोहाली से फोरेंसिक माहिरों की टीम मौके पर पहुंची और धमाके वाली जगह से सैंपल इकट्ठा किए।
मामले के जांच अधिकारी थाना कोतवाली के एएसआई रणवीर सिंह ने बताया कि फिलहाल इस मामले में किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। गौरतलब है कि पुलिस ने इस मामले में जिस जगह पर कबाड़ी की झुग्गी थी उसके मालिक और जिससे उसने स्क्रैप मैटीरियल खरीदा था उन दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया था। जांच अधिकारी ने बताया कि धमाके में आठ साल के नूर हसन की दाईं टांग बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। टांग को काटना पड़ा था। उसकी हालत गंभीर थी। मंगलवार तड़के साढ़े चार बजे उसकी मौत हो गई।