स्वतंत्रता सेनानी करतार सिंह सरला का निधन
सरकारी सम्मान के साथ पटियाला में हुआ अंतिम संस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
शहर के खालसा मोहल्ला के रहने वाले और स्वतंत्रता संग्राम में अपना योगदान डालने वाले करीब 95 वर्षीय करतार सिंह सरला का शुक्रवार को निधान हो गया। उनकी मृतक देह का अंतिम संस्कार राजपुरा रोड स्थित बीर जी के शमशानघाट में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों और सरकारी सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान पुलिस की टुकड़ी ने हवाई फायर कर सत्कार देते हुए हथियार उल्टे कर करतार सिंह सरला की मृतक देह को सलामी दी।
करतार सिंह सरला अपनी पत्नी जसवंत कौर सरला, बेटों अमरजीत सिंह, सुरिंदर सिंह व जसपाल सिंह, बेटियों रविंदर कौर व मनिंदर कौर समेत अपने अन्य पारिवारिक सदस्यों को छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार के दौरान सीनियर डिप्टी मेयर योगिंदर सिंह योगी, तहसीलदार सुभाष भारद्वाज श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
1923 में जन्मे सरला ने भारत-पाक बंटवारे से पहले लाहौर में जेल काटी। देश की आजादी के संग्राम में हिस्सा डालने दौरान उनकी पैर में गोली भी लगी थी। उनको बीते समय में पंजाब सरकार और डीसी की ओर से सम्मानित भी किया गया था। उनकी अंतिम अरदास और श्रद्धांजलि समागम 4 अप्रैल को दोपहर 12 से डेढ़ बजे तक गुरुद्वारा सिंह सभा माल रोड में होगा।