अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ काउंसिलर का धरना
आरोप, बिना नक्शा होने वाले निर्माण से काउंसिल को आर्थिक नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
राजपुरा।
शहर में लगातार हो रहे अवैध कब्जों और अवैध निर्माण के विरोध में काउंसिलर पवन मुखीजा ने नगर काउंसिल में धरना देकर रोष जताया। मुखीजा ने बताया कि शहर में बीते काफी दिनों से अवैध कब्जों के अलावा बिना नक्शा पास करवाए अवैध निर्माण का काम जोरों पर है। यही नहीं शहर में बिना नक्शा से निर्माण किए जा रहे हैं। इससे काउंसिल को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है, लेकिन एक नेता अपनी राजनीति चमकाने के लिए काउंसिल अधिकारियों पर कोई कार्रवाई न करने के लिए कथित तौर पर दबाव डालता है। मुखीजा ने कहा नगर काउंसिल की होने वाली बैठक में मामले को उठाया जाएगा। यदि इसके बाद भी कोई हल नहीं निकला तो फिर अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
नगर काउंसिल के उपप्रधान अमनदीप सिंह नागी ने कहा कि किसी को भी नियमों के खिलाफ काम नहीं करने दिया जाएगा। लेकिन जो भी काम अवैध होगा उसके खिलाफ कार्रवाई को अंजाम में लाया जाएगा।