बैडमिंटन में केंद्रीय विद्यालय आरसीएफ हुसैनपुर प्रथम
केंद्रीय विद्यालय नंबर दो डीएमडब्ल्यू में बैडमिंटन मुकाबलों का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला।
केंद्रीय विद्यालय नंबर दो डीएमडब्ल्यू पटियाला में सत्र 2018-2019 संभागीय खेल प्रतियोगिताओं के तहत बैडमिंटन अंडर 14,17,19 (बालिका वर्ग) का आयोजन प्राचार्य इस्लाम खान की अध्यक्षता में किया गया। इसमें चंडीगढ़ संभाग के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इन खेलों का शुभारंभ करते हुए प्राचार्य इस्लाम खान ने व्यक्तित्व के पूर्ण विकास में खेलों का महत्व बताते हुए खेल को खेल की भावना से खेलने की प्रेरणा दी। तीन दिवसीय इन खेलों में लड़कियों ने जोरशोर से हिस्सा लिया।
अंडर-14 में केंद्रीय विद्यालय आरसीएफ हुसैनपुर प्रथम स्थान पर रहा। केंद्रीय विद्यालय-1 पठानकोट दूसरे स्थान, केंद्रीय विद्यालय-1 बरनाला तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-17 में केंद्रीय विद्यालय-1 हलवारा प्रथम स्थान पर, केंद्रीय विद्यालय-1 पठानकोट दूसरे स्थान पर, केंद्रीय विद्यालय सुरानुस्सी तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-19 में केंद्रीय विद्यालय-1 पठानकोट प्रथम स्थान पर, केंद्रीय विद्यालय फतेहगढ़ साहिब दूसरे स्थान, केंद्रीय विद्यालय -2 फिरोजपुर तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में तीनों वर्गों के विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर प्राचार्य इस्लाम खान ने केंद्रीय विद्यालय संगठन को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का एक सुंदर मंच बताया। चयनित खिलाड़ी केंद्रीय विद्यालय संगठन की राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने भुवनेश्वर, ओडिशा जाएंगे।